सिलीगुड़ी में एक नाबालिग लड़की की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले ने अब सियासी तूल पकड़ लिया है। घटना के 48 घंटे बीतने के बावजूद अब तक किसी आरोपित की गिरफ्तारी नहीं होने से विपक्ष ने राज्य सरकार और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए है। इस परिवार को न्याय दिलाने के लिए आज सिलीगुड़ी की सड़कों पर हजारों की संख्या में लोग मोमबत्ती लेकर निकले। वि वांट जस्टिस, हम सब शर्मिंदा है तेरे कातिल जिंदा है के नारे गूंज रहे थे। महिलाओं के आंख में आंसू तो युवाओं में आक्रोश था। जुलूस में शामिल भाजपा के जिला महासचिव नानटू पाल,अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष जितेंद्र सरीन उर्फ राजू सरीन ने कहा कि बंगाल में इससे बड़ी दुखद और क्या हो सकती है। जब मुख्यमंत्री दो दिनों से इसी शहर में है। इस घटना को लेकर देश विदेश में शोर है। खुद टीएमसी नेता सह मेयर ने परिवार को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया लेकिन नतीजा अबतक शून्य है? ऐसा लगता है कि आरोपी का कनेक्शन एक विशेष वर्ग से है इसलिए वह पुलिस गिरफ्त से बाहर है। यह आंदोलन और विशाल आकर लेगा। वहीं भाजपा नेता और सिलीगुड़ी के उम्मीदवार शंकर घोष इस मुद्दे को लेकर धरना पर बैठे हुए है। उन्होंने तो सीएम के बयान नहीं देने पर करारा प्रहार किया है। उल्लेखनीय है कि सोमवार को सिलीगुड़ी नगर निगम के वार्ड नंबर एक में नाबालिग असामान्य मौत से इलाके में सनसनी फैल गई थी। आरोप है कि उसी इलाके के आमिर अली के साथ उसका लंबे समय से संबंध था। परिवार का दावा है कि शादी का प्रस्ताव रखने पर युवक ने बात टाल दी, जिसके बाद ही नाबालिग का फंदे से लटका हुआ पाया गया।
शंकर घोष ने धरना के दूसरे दिन यानी बुधवार को आरोप लगाते हुए कहा कि इस मामले में देरी से साफ संकेत मिलता है कि आरोपितों को किसी प्रभावशाली राजनीतिक संरक्षण मिल रहा है। शंकर घोष ने कहा कि अगर तय समय सीमा के भीतर आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो आंदोलन को और बड़ा रूप दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने आम लोगों से 'जस्टिस फॉर' अभियान में शामिल होने की अपील की है। राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी उन्होंने निशाना साधा है।उन्होंने आरोप लगाया है कि चुनावी व्यस्तता के बीच उन्होंने (मुख्यमंत्री) इस गंभीर घटना पर अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
घटना के बाद पूरे शहर में तनाव का माहौल है और लोगों के बीच न्याय की मांग तेज होती जा रही है। प्रशासन पर दबाव बढ़ता जा रहा है कि जल्द से जल्द आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए।


0 टिप्पणियाँ