मुर्शिदाबाद में बड़ा रेल हादसा, स्कूल वैन को ट्रेन ने मारी टक्कर; 4 बच्चों समेत 5 लोगों की दर्दनाक मौत
मुर्शिदाबाद से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। जिले के कर्णसुबर्ण और गोविंदपुर स्टेशन के बीच स्थित रेलवे फाटक पर एक स्कूल वैन को ट्रेन ने टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में 4 स्कूली बच्चों समेत कुल 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं।
बताया जा रहा है कि एक ट्रेन गुजरने के बाद रेलवे फाटक खोल दिया गया था। इसी दौरान स्कूल वैन रेलवे लाइन पार कर रही थी। तभी दूसरी दिशा से आ रही ट्रेन ने वैन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए।
घायल चालक के परिजनों का आरोप है कि गेटमैन की लापरवाही की वजह से यह हादसा हुआ। उनका कहना है कि दूसरी ट्रेन आने से पहले ही फाटक खोल दिया गया था। वहीं, कुछ स्थानीय लोगों ने गेटमैन के नशे में होने का भी आरोप लगाया है। हालांकि, इस दावे की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना के बाद रेलवे ने गेटमैन को निलंबित कर दिया है, जबकि पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में एक अन्य रेलकर्मी को भी निलंबित किया गया है। मामले की जांच जारी है।
रेलवे ने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये और पश्चिम बंगाल सरकार ने 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
इस हादसे के बाद रेलवे फाटक की सुरक्षा व्यवस्था और कर्मचारियों की जिम्मेदारी को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल रेलवे और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।



0 टिप्पणियाँ