Header Ads Widget

Responsive Advertisement

पहाड़ के लिए रोजगार और विकास का रोडमैप, कर्सियांग से सुवेंदु अधिकारी की बड़ी घोषणाएं


 कर्सियांग के मोंटेवियट मैदान में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने पहाड़, तराई और डुआर्स क्षेत्र के विकास, रोजगार और चाय उद्योग के पुनरुद्धार को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि ईस्टर्न फ्रंटियर राइफल्स (EFR) और पश्चिम बंगाल पुलिस में 1000 से अधिक गोरखा युवाओं की भर्ती की जाएगी, जिससे युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।

उन्होंने राजनीतिक हिंसा में जान गंवाने वाले कार्यकर्ताओं के परिवारों के लिए भी बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि प्रत्येक शहीद परिवार के एक सदस्य को नौकरी और 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर प्रधानमंत्री चाय श्रमिक प्रोत्साहन योजना (PMCSPY) के फंड का उपयोग चाय उद्योग को पुनर्जीवित करने में किया जाएगा। बंद पड़े 25 चाय बागानों को फिर से चालू करने की दिशा में काम किया जाएगा ताकि हजारों श्रमिक परिवारों को राहत मिल सके।

उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, पर्यटन, आपदा प्रबंधन और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में कई योजनाओं की घोषणा की। कालिम्पोंग में मेडिकल कॉलेज, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, डिजिटल क्लासरूम, छात्रावास और खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने का भी आश्वासन दिया गया।



इसके साथ ही 1 जुलाई 2026 से ‘विकसित भारत ग्रामीण रोजगार योजना’ शुरू करने की बात कही गई, जिसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों में विकास परियोजनाओं के माध्यम से प्रतिवर्ष 125 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।

सभा में केंद्रीय मंत्री निशीथ प्रमाणिक, सांसद राजू बिष्ट, बिमल गुरुंग सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सुवेंदु अधिकारी पारंपरिक गोरखा टोपी पहने नजर आए और उन्होंने पहाड़ के लोगों के विकास तथा सम्मान के लिए काम करने का भरोसा दिलाया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ