Header Ads Widget

Responsive Advertisement

सिलीगुड़ी पोस्ट ऑफिस का दरवाजा तोड़कर चोरी की कोशिश, इलाके में सनसनी

 सिलीगुड़ी बाजार पोस्ट ऑफिस में फिर चोरी की कोशिश, कर्मचारियों में दहशत


सिलीगुड़ी बाजार स्थित पोस्ट ऑफिस में एक बार फिर चोरी की कोशिश का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। सोमवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने पोस्ट ऑफिस का मुख्य दरवाजा तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश की। हालांकि, इस बार वे चोरी की वारदात को अंजाम देने में सफल नहीं हो सके।


बताया जा रहा है कि महज एक सप्ताह पहले भी इसी पोस्ट ऑफिस में चोरी हुई थी, जिसमें कई महत्वपूर्ण सामान चोरी हो गए थे। उस घटना की जांच अभी जारी है। ऐसे में दोबारा हुई चोरी की कोशिश ने पोस्ट ऑफिस के कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ा दी है।


घटना की सूचना मिलते ही सिलीगुड़ी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ अन्य साक्ष्य भी जुटा रही है।


पोस्ट ऑफिस की इंचार्ज मौसुमी साहा ने बताया कि पहले हुई चोरी के मामले की जांच पहले से चल रही है। अब दोबारा चोरी की कोशिश से कर्मचारियों में भय का माहौल है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जानकारी विभाग के उच्च अधिकारियों को दे दी गई है।


पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि पोस्ट ऑफिस में जल्द ही सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके और आरोपियों की शीघ्र पहचान हो सके।


फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों तक पहुंचने के लिए हर पहलू की पड़ताल की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ