Droupadi Murmu ने सिक्किम पुलिस को दिया प्रतिष्ठित ‘राष्ट्रपति पुलिस ध्वज’
Sikkim के तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचीं राष्ट्रपति Droupadi Murmu ने गुरुवार को गंगटोक के पालजोर स्टेडियम में आयोजित एक भव्य समारोह में सिक्किम पुलिस को प्रतिष्ठित ‘राष्ट्रपति पुलिस ध्वज’ प्रदान किया। इस सम्मान के साथ सिक्किम देश का 15वां राज्य और पूर्वोत्तर भारत का तीसरा राज्य बन गया है, जिसे यह गौरव हासिल हुआ है।
‘राष्ट्रपति पुलिस ध्वज’, जिसे ‘निशान’ भी कहा जाता है, किसी राज्य पुलिस या केंद्रीय पुलिस बल को असाधारण सेवा, वीरता और पेशेवर कार्यशैली के लिए दिया जाने वाला सर्वोच्च औपचारिक सम्मान माना जाता है। इस सम्मान के बाद पुलिस अधिकारियों को अपनी वर्दी पर विशेष प्रतीक चिन्ह धारण करने का अधिकार मिलता है।
अपने संबोधन में राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि सिक्किम पुलिस को यह सम्मान प्रदान करते हुए उन्हें बेहद खुशी हो रही है। उन्होंने कहा कि यह पूरे पुलिस बल के लिए गर्व और सम्मान का क्षण है। राष्ट्रपति ने रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखने और जनता की सुरक्षा के प्रति सिक्किम police के समर्पण की सराहना की।
राष्ट्रपति ने कहा कि पहले पुलिस व्यवस्था का स्वरूप औपनिवेशिक सोच पर आधारित था, जहां लोगों को नियंत्रित करना मुख्य उद्देश्य माना जाता था। लेकिन अब समय बदल चुका है और पुलिस को जनता का सहयोगी, मार्गदर्शक और भरोसेमंद साथी बनना होगा।
उन्होंने साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी, हैकिंग और डीपफेक जैसी नई चुनौतियों का भी जिक्र किया। राष्ट्रपति ने कहा कि इन आधुनिक खतरों से निपटने के लिए पुलिस बल को नई तकनीक, साइबर सुरक्षा और डिजिटल जांच में और अधिक दक्ष बनना होगा।
इस मौके पर Prem Singh Tamang ने भी सिक्किम पुलिस को मिली इस उपलब्धि पर खुशी जताई। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि यह पूरे सिक्किम और राज्य पुलिस के लिए गर्व का विषय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सम्मान पुलिस बल के अनुशासन, साहस, पेशेवर कार्यशैली और निस्वार्थ सेवा का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति पुलिस ध्वज मिलने से राज्य में शांति, सुरक्षा और विकास के लिए एकजुट होकर काम करने का संकल्प और मजबूत होगा।



0 टिप्पणियाँ